आजमगढ़। जिले के तहसील मेंहनगर स्थित सभागार में शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना एवं मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने संयुक्त रूप से की। इस मौके पर जन सामान्य की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। शासन की मंशा है कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं संतोषजनक समाधान किया जाए ताकि लोगों को बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस समाधान दिवस में कुल 70 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया जबकि शेष 64 मामलों को तय समय सीमा के भीतर समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 45, पुलिस विभाग की 14, सिंचाई विभाग की 3, विकास विभाग की 4, नगर पंचायत की 1 तथा विद्युत विभाग की 3 शिकायतें शामिल थीं।
मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिक स्तर पर ही समाधान किया जाए, जिससे उन्हें जिला मुख्यालय तक न आना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि निस्तारण न सिर्फ समय पर हो बल्कि उसकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आईएन तिवारी, जिला विकास अधिकारी संजय कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी मेंहनगर, तहसीलदार मेंहनगर एवं परियोजना निदेशक श्री अखिलेश तिवारी समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
