आज़मगढ़। जिले के मेंहनगर थाना क्षेत्र के राजधरपुर देवरिया गांव में गुरुवार सुबह एक महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बताया गया कि 48 साल की आशा का अपने पति विक्रम गोंड से किसी बात पर झगड़ा हो गया था। थोड़ी देर बाद ही उसकी मौत हो गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतका के मायके वालों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है। आशा के भाई सुदर्शन गोंड, जो टंडवा गांव तरवां थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर कहा कि उनकी बहन की हत्या की गई है। उन्होंने बहनोई विक्रम गोंड पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

आशा चार बेटियों और एक बेटे की मां थी। इस घटना से परिवार में दुख का माहौल है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्प्ष्ट होगी।