रिपोर्ट: अरुण यादव
आज़मगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र के बलरामपुर हर्रा की चुंगी निवासी भाजपा नेता और जिला कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता ने गंभीर आरोप लगाया कि मंगलवार की शाम करीब 5 बजे डॉक्टर नदीम अहमद अपने करीब 50 समर्थकों के साथ उनके बलरामपुर स्थित कैंप कार्यालय पर पहुंचे। इस दौरान गेट का ताला गैस कटर से काटा गया, गेट पर लिखा नाम तेजाब डालकर मिटा दिया गया और कार्यालय में लगी सीसीटीवी का डीवीआर तोड़कर उठा ले जाया गया। आरोप यह भी है कि वहां स्थापित मूर्ति को खंडित कर उठा ले जाया गया।
मयंक गुप्ता ने बताया कि जब उन्होंने विरोध किया तो हमलावरों ने उनके शुभचिंतकों के साथ गाली-गलौज और जानलेवा हमला करने की कोशिश की। उनका कहना है कि घटना का वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध है और हमलावर पिस्टल व डंडे लेकर धमकी दे रहे थे।
उधर, डॉक्टर नदीम अहमद ने कोतवाली में तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। उनका कहना है कि उन्होंने जून 2025 में बलरामपुर मौजा में करीब 7500 वर्गफीट जमीन खरीदी थी और निर्माण कार्य शुरू किया। आरोप है कि मयंक गुप्ता अपने 15–20 साथियों के साथ मौके पर पहुंचे और मजदूरों व ठेकेदार को काम बंद करने की धमकी दी। पुलिस ने दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया है और अदालत के अंतरिम आदेश का पालन कराने की बात कही है।
रात में कोतवाली में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने कहा कि जिस भूमि पर डॉक्टर दावा ठोक रहे हैं उस भूमि पर मयंक गुप्ता के पास कोर्ट का स्थगन आदेश है, साथ ही वे वहां पर रहते व पूजा-पाठ भी करते हैं। लेकिन वहां जिस प्रकार का कार्य एक चिकित्सक द्वारा किया गया है वह निंदनीय है। एक पढ़ा लिखा डॉक्टर मारने के लिए रॉड लेकर दौड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला कोषाध्यक्ष मयंक गुप्ता पर हमले के साथ ही उन्होंने वहां पर स्थापित हनुमान जी की प्रतिमा को भी खंडित किया है। CCTV को तोड़कर और DVR भी उठा ले गए। उन्होंने कहा कि इन सब के बाद हम लोग भाजपा के कार्यकर्ता जो कि शांतिप्रिय होता है। इसलिए मयंक गुप्ता से कहा गया है कि जब तक कोर्ट से कोई अग्रिम आदेश न आ जाय तब तक प्रशासन अपना काम करे। दोंनो पक्ष अब वहां कोई निर्माण कार्य नहीं करेंगे, जिसपर ये राजी हुए है। लेकिन इनके ऊपर प्राण घातक हमला हुआ है और हमारे देवी-देवताओं का अपमान हुआ है यह बर्दाश्त नहीं है। इसलिए तहरीर दी गयी है और कार्रवाई की मांग की गई है।
शहर कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और शांति व्यवस्था भंग न हो, इसके लिए सतर्कता बरती जा रही है।
