आजमगढ़।  खरीफ की फसलों के लिए यूरिया की पर्याप्त मात्रा जिले में उपलब्ध है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी निकटतम सहकारी समितियों या निजी उर्वरक केंद्रों से निर्धारित मूल्य पर यूरिया प्राप्त करें। अब क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर किसान यूरिया ले सकते हैं।


जिले में खाद की आपूर्ति नियमित रूप से हो रही है और जिलाधिकारी स्वयं प्रतिदिन इसकी समीक्षा कर रहे हैं। किसानों को निर्धारित मूल्य 266 रुपए 50 पैसे पर समितियों से क्यूआर कोड के माध्यम से भुगतान कर यूरिया लेने की सुविधा दी गई है। यदि किसी उर्वरक केंद्र या समिति द्वारा अधिक मूल्य की मांग की जाती है, तो तत्काल जिला कृषि अधिकारी एवं सहायक निबंधक सहकारिता को सूचित करने की हिदायत दी गई है।

ए आर कोऑपरेटिव के अजय कुमार ने बताया कि समितियों द्वारा अग्रिम भुगतान मिलने पर खाद की आपूर्ति तुरंत सुनिश्चित की जाती है। अग्रिम राशि जमा होने और खाद की आपूर्ति में अधिकतम एक दिन का समय लग सकता है, जिसके कारण कुछ समय के लिए वितरण प्रभावित हो सकता है। सभी समितियों को निर्देशित किया गया है कि स्टॉक कम होते ही अगली खेप के लिए अग्रिम राशि जमा कराई जाए, ताकि किसानों को खाद की आपूर्ति निर्बाध रूप से मिलती रहे।