आज़मगढ़।   दीपावली पर्व के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा जनमानस को मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों से बचाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। निजामाबाद स्थित मिठाई निर्माण इकाई से एक छेना मिठाई और एक  बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों में रखी गई 15 किग्रा छेना मिठाई, जिसका मूल्य 4,500 रुपए था, मौके पर नष्ट कर दी गई।

खाद्य सचल दल ने अब तक अभियान में कुल 67 खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए हैं, कुल 520 किग्रा मूल्य 84,335 रुपए की सामग्री सीज की गई और 3419 किग्रा मूल्य 6,99,760 रुपए की सामग्री नष्ट की गई। निजामाबाद व नन्द नगर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों में 23 खाद्य पदार्थों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्वच्छता व खाद्य सामग्री के रख-रखाव संतोषजनक न पाए जाने पर तीन  खाद्य कारोबारियों को सुधार सूचना दी गई और फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप चस्पा किया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य) ने बताया कि छापेमार कार्यवाही दीपावली त्यौहार तक लगातार जारी रहेगी। आम जनमानस से अपील की गई है कि वे पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदने से पहले उसकी बेस्ट बिफोर और एक्सपायरी डेट अवश्य जांचें और चमकीली एवं रंगीन मिठाईयों से परहेज करें। खाद्य कारोबारियों को गुणवत्तापूर्ण, ताजा और स्वच्छ सामग्री के निर्माण व विक्रय के लिए जागरूक किया गया।