रिपोर्ट: अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव में रविवार की देर रात एक मिठाई की दुकान में आग लगने से लाखों का नुकसान हो गया। दुकान मालिक ओमप्रकाश यादव रात को दुकान में सो रहे थे, तभी आग लग गई।


मिली जानकारी के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोयलारी गांव निवासी ओमप्रकाश यादव की सोनवारा मोड़ पर स्थित मिठाई की दुकान रविवार रात करीब 12.30 बजे अचानक आग की चपेट में आ गई। ओमप्रकाश यादव दुकान के अंदर ही सो रहे थे और आग लगते ही उनकी नींद खुल गई। उन्होंने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
आग ने कूलर, आलमारी, फ्रीजर सहित दुकान में रखा अन्य सामान जला दिया। अनुमानित नुकसान लगभग दो लाख रुपये बताया जा रहा है। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकानदार ने किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगाने की आशंका जताई है। थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच की जाएगी। आग लगने के कारणों का पता भी जांच के बाद ही चलेगा।