रिपोर्ट___आशीष निषाद
आजमगढ़ । जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भेलाडाड़ गांव में पारिवारिक रंजिश ने बुधवार को भयावह रूप ले लिया। आरोप है कि मनबढ़ युवक ने अपने ही परिवार के बुजुर्ग सदस्य की लाठी-डंडों और लात-घूसों से पिटाई कर दी, जिससे इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, भेलाडाड़ निवासी सुनीता मिश्रा पत्नी दीनानाथ मिश्रा ने पुलिस को पूर्व में दी तहरीर में आरोप लगाया है कि उनके जेठ का पुत्र पवन कुमार मिश्रा पुत्र शम्भूनाथ मिश्रा लंबे समय से दबंगई के बल पर परिवार को प्रताड़ित करता रहा है। वह आए दिन गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देता था। बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 2 बजे पुरानी रंजिश को लेकर पवन कुमार मिश्रा ने फिर विवाद शुरू कर दिया। विरोध करने पर उसने प्रार्थिनी के 80 वर्षीय ससुर रामसिंगार मिश्रा पर हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपी ने बुजुर्ग को लाठी-डंडों और लात-घूसों से बुरी तरह पीटा, जिससे उनके हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं और हाथ भी टूट गया। परिजन तत्काल उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक के परिजन अंशिका मिश्रा ने आरोप लगाया कि आरोपी पवन मिश्रा पाटीदारों के बहकावे में आकर अक्सर मारपीट करता था और अन्य लोगों के उकसावे में आकर इस घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वहीं इस संबंध में थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर धाराओं में बढ़ोतरी की जाएगी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
