रिपोर्ट____आशीष निषाद

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक से गिरकर महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंबेडकर नगर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितौरा ईदगाह निवासी 45 वर्षीय सविता देवी पत्नी रामसेवक यादव अपने पुत्र मुलायम यादव के साथ आजमगढ़ से रिश्तेदारी से वापस घर लौट रही थीं। इसी दौरान अतरौलिया थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर के पास अचानक बाइक पर पीछे बैठी सविता देवी संतुलन खो बैठीं और सड़क पर गिर पड़ीं।गिरने के दौरान उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। आनन-फानन में उन्हें नजदीकी सौ सैया अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतका के बड़े पुत्र मुलायम यादव के अनुसार, हादसा अचानक हुआ और संभलने का कोई मौका नहीं मिला। सविता देवी अपने पीछे तीन पुत्र—मुलायम यादव, अखिलेश यादव और धनंजय—छोड़ गई हैं, जबकि उनकी दो बेटियां विवाहित हैं। परिवार के मुखिया रामसेवक यादव मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।