
रिपोर्ट___आशीष कुमार निषाद
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ के निर्देश पर अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर अतरौलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार को सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने क्षेत्र के कई प्रमुख चौराहों और बाजारों में वाहनों की जांच की। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, तीन सवारी बैठाने तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं पुलिस द्वारा पटेल चौक, मदियापार मोड़, नंदना, केसरी चौक, छितौनी, कंतालपुर समेत अन्य स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। अचानक हुई पुलिस कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कई वाहन चालक रास्ता बदलते नजर आए, जबकि पुलिस टीम ने सख्ती दिखाते हुए नियम तोड़ने वालों के खिलाफ ई-चालान की कार्रवाई की। चेकिंग अभियान के दौरान कुल 72 वाहनों का ई-चालान किया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया। थाना अध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना और यातायात नियमों का पालन करना हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बाइक चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें और तीन सवारी बैठाकर वाहन न चलाएं। पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। अभियान में उप निरीक्षकों सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
