रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के खमौली गांव में गुरुवार शाम एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 35 वर्षीय पूनम बिंद पत्नी सुरेंद्र बिंद के रूप में हुई है। घटना के बाद जहां परिवार में कोहराम मच गया, वहीं मायके पक्ष ने बिना सूचना अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। वहीं परिजनों के मुताबिक पूनम को अचानक पेट में तेज दर्द उठा, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए मुक्तिपुर स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले जाया जा रहा था। आरोप है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी हालत बिगड़ गई और डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतका की चचेरी ननद की शादी शुक्रवार को तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन अचानक हुई इस घटना से खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार ने शादी समारोह की भव्य तैयारियां रोक दीं और अब विवाह मंदिर में सादगी के साथ कराने का निर्णय लिया गया है। टेंट व अन्य सामान भी वापस कर दिए गए। मृतका की मां जयमूर्ति, निवासी करेला गांव थाना सरायख्वाजा जनपद जौनपुर, ने आरोप लगाया कि उन्हें बेटी की मौत की सूचना समय पर नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि बिना मायके पक्ष को बुलाए अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी, जिससे उन्हें घटना पर संदेह हो रहा है। वहीं पूनम अपने पीछे तीन वर्षीय पुत्र आयुष और पांच वर्षीय पुत्री सृष्टि को छोड़ गई हैं। मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं मृतका के ससुर सोनई बिंद का कहना है कि पूनम लंबे समय से पेट दर्द से परेशान थीं और अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। वहीं इस पूरे मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।