
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले संगठित गिरोह के एक सक्रिय सदस्य एवं 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को बिंद्रा बाजार स्थित पटेल ढाबा के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। वहीं पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रईस उर्फ लम्बू पुत्र इरशाद निवासी फरिहा थाना निजामाबाद के रूप में हुई है। आरोपी पर चोरी, गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र द्वारा 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में थाना निजामाबाद क्षेत्र में लगातार कई चोरी की घटनाएं सामने आई थीं। इनमें घरों से लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और स्कूल के सामान चोरी किए गए थे। 20/21 अगस्त 2024 की रात सोढरी गांव निवासी रामअचल राय के घर से सोने के जेवर और 50 हजार रुपये नकद चोरी हुए थे। इसके बाद फरिहा निवासी अरशद जमाल के घर से भी सोने के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई थी। वहीं दिसंबर 2024 में प्राथमिक विद्यालय प्यारेपुर से गैस सिलेंडर, चूल्हा और अन्य सामान चोरी होने का मामला दर्ज हुआ था। वहीं इन घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने दिसंबर 2024 में अब्दुल वाहिद और रईस उर्फ लम्बू को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया था। विवेचना में खुलासा हुआ कि दोनों एक संगठित गिरोह के सदस्य हैं, जो आर्थिक लाभ के लिए जनपद स्तर पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। इसके बाद दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 मई 2026 को थाना गम्भीरपुर पुलिस एवं एसटीएफ प्रयागराज की संयुक्त टीम ने फरार इनामी आरोपी रईस उर्फ लम्बू को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अमित कुमार त्रिपाठी, एसटीएफ के उपनिरीक्षक रणेन्द्र कुमार सिंह सहित कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
