
रिपोर्ट___अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद के बरदह थाना क्षेत्र में इलाज के दौरान महिला की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया है। परिजनों द्वारा इलाज में लापरवाही का आरोप लगाए जाने के बाद मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी डॉक्टर को सरायमोहन तिराहे से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, थाना बरदह क्षेत्र के ग्राम खम्हौली निवासी सुरेन्द्र बिन्द ने 7 मई 2026 को थाने में तहरीर देकर बताया कि उनकी पत्नी पूनम बिन्द (32 वर्ष) के पेट में अचानक तेज दर्द होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए मुक्तिपुर स्थित एक निजी क्लीनिक पर ले जाया गया था। यह क्लीनिक डॉ. चन्द्रसेन यादव द्वारा संचालित बताया गया है। वहीं परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत में सुधार न होने पर उन्होंने डॉक्टर से किसी बड़े अस्पताल में रेफर करने की बात कही, लेकिन डॉक्टर ने लगातार अपने क्लीनिक पर ही इलाज जारी रखा। आरोप है कि समय रहते उचित उपचार और रेफर न किए जाने के कारण महिला की हालत बिगड़ती चली गई और आखिरकार उसकी मृत्यु हो गई।घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए बरदह थाना पुलिस ने सुरेन्द्र बिन्द की तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 159/26 धारा 105 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विवेचना शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। इसी क्रम में शनिवार 9 मई 2026 को उपनिरीक्षक उमेशचन्द्र यादव एवं पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी चिकित्सक डॉ. चन्द्रसेन यादव पुत्र श्री प्रकाश यादव निवासी कदनापुर थाना दीदारगंज को सरायमोहन तिराहे से करीब 10:20 बजे गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है। मामले की विवेचना जारी है तथा उपचार संबंधी अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेशचन्द्र यादव तथा कांस्टेबल रितेश कुशवाहा शामिल रहे।
