रिपोर्ट____अरुण यादव 

आजमगढ़। सदर लोकसभा सीट से कांग्रेस पार्टी के पूर्व लोकसभा प्रत्याशी और पूर्व सपा व भीम आर्मी नेता एहसान खान का एक विवादित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एहसान खान कथित रूप से अपने पास “तीन अवैध असलहे” होने की बात कहते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

वायरल वीडियो में एहसान खान एक कमरे में बिस्तर पर बैठे नजर आ रहे हैं। बातचीत के दौरान वह अपने समर्थकों से कहते सुनाई देते हैं कि उनके पास “तीन अवैध असलहा” हैं, जिन्हें वह “खुल्ला रखते हैं।” वीडियो में वह यह भी कहते हैं कि उनके पास गाड़ी, घोड़ा, बंगला, हेलीकॉप्टर और पैसा कुछ भी नहीं है। वह दावा करते हैं कि राजनीति में वह किसी व्यापारिक लाभ या निजी स्वार्थ के लिए नहीं आए हैं। इसके बाद वीडियो में वह अपने राजनीतिक विरोधियों पर भी निशाना साधते दिखाई देते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती समेत अन्य नेताओं का नाम लेते हुए कहा कि उनके पास सब कुछ है, जबकि उनके पास कुछ भी नहीं है।

हालांकि वीडियो में किए गए हथियार संबंधी दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है, लेकिन वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। बताया जा रहा है कि एहसान खान पुत्र स्वर्गीय मतिउद्दीन निवासी छित्तेपुर थाना सरायमीर पहले भी कई मामलों को लेकर चर्चा में रह चुके हैं।

वहीं इस मामले में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि वायरल वीडियो की जांच के लिए थाना अध्यक्ष सरायमीर को निर्देशित किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में एहसान खान खुद तीन अवैध असलहे रखने की बात स्वीकार करते दिखाई दे रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार एहसान खान 31-ए हिस्ट्रीशीटर भी हैं। उनके खिलाफ बलवा, मारपीट, आर्म्स एक्ट, एससी-एसटी एक्ट, लोक संपत्ति क्षति अधिनियम और महामारी अधिनियम समेत विभिन्न गंभीर धाराओं में कुल 21 मुकदमे अलग-अलग थानों में दर्ज बताए जा रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद जिले में राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।