रिपोर्ट____अरुण यादव

आज़मगढ़। जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के ग्राम गौरी में जमीन विवाद को लेकर एक सेवानिवृत्त ऑडिट अधिकारी ने अपने ही पट्टीदारों पर मारपीट, धमकी और निर्माण कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगाया है। मारपीट का वीडियो वायरल पीड़ित की शिकायत पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गौरी निवासी श्याम बहादुर यादव, जो सेवानिवृत्त ऑडिट अधिकारी हैं, ने थाना अहरौला में शिकायती प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके पट्टीदार त्रिवेणी यादव, ज्ञानचंद यादव, लालबिहारी यादव समेत अन्य लोग पूर्व में उनके सरकारी नल के पक्के फर्श पर चहारदीवारी बनाकर कब्जा कर चुके हैं। वहीं पीड़ित का आरोप है कि अब जब वह अपनी आबादी की जमीन पर लेट्रिंग का निर्माण कार्य करा रहे हैं तो आरोपी जबरन निर्माण रुकवा रहे हैं। विरोध करने पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी जा रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि त्रिवेणी यादव, जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) में जवान हैं, ने उन्हें AK-47 से उड़ाने तक की धमकी दी। पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र के मुताबिक 10 मई की सुबह करीब 10 बजे आरोपियों ने उन पर हमला करने का प्रयास किया, जिससे वह किसी तरह बचकर थाने पहुंचे। वहीं थाने से लौटने के दौरान उन्हें सूचना मिली कि आरोपियों ने उनके घर पहुंचकर लेट्रिंग का पाइप तोड़ दिया और उनकी पत्नी विमला यादव के साथ मारपीट की। घटना में उनकी पत्नी को चोटें आने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

इस संबंध में एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि अहरौला थाना क्षेत्र का एक वीडियो संज्ञान में आया है, जिसमें एक व्यक्ति दीवार तोड़ते और आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना अध्यक्ष अहरौला को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।