रिपोर्ट____शिवम सिंह 

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के ग्राम कुड़ीहर की रहने वाली मधु यादव पुत्री संजय यादव ने गांव के कुछ लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाना अध्यक्ष बरदह को प्रार्थना पत्र देकर निष्पक्ष कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। पीड़िता के अनुसार, 11 मई 2026 की शाम करीब 7 बजे वह अपने घर के सामने गिरी मिट्टी को समतल करवा रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी गुलशन यादव पुत्र रंजीत यादव, अंकित पुत्र सुभाष यादव तथा दर्शन उर्फ गांगुली पुत्र हौसला प्रसाद यादव लाठी-डंडा लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। मधु यादव का आरोप है कि आरोपियों ने हाथ, लात और डंडों से जमकर मारपीट की, जिससे उनके शरीर पर कई जगह चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके भाई अंकुर यादव को भी पीटा गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने जानलेवा हमला करने के साथ पूरे परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

“हर बार दबाव बनाकर कराया जाता है समझौता”

पीड़िता का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका है और मामले थाने तक पहुंचे, लेकिन हर बार दबाव बनाकर समझौता करा दिया गया। इस बार मारपीट की घटना का वीडियो भी बनाया गया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मधु यादव ने आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष छोटी-छोटी बातों को लेकर आए दिन विवाद और मारपीट करता है, जिससे पूरा परिवार दहशत में है। वहीं इस मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।