रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी 

आजमगढ़। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने NEET (UG) 2026 को लेकर बड़ा फैसला लेते हुए 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द करने की घोषणा की है। एजेंसी ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि परीक्षा प्रक्रिया में मिली गंभीर अनियमितताओं और जांच एजेंसियों से प्राप्त इनपुट के आधार पर यह निर्णय लिया गया है।

NTA के अनुसार, केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा को निरस्त किया गया है और अब NEET UG 2026 की परीक्षा दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा तिथि और एडमिट कार्ड जारी करने की जानकारी जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से दी जाएगी। प्रेस रिलीज में बताया गया है कि मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। एजेंसी ने कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पहले से किए गए रजिस्ट्रेशन, परीक्षा केंद्र और आवेदन मान्य रहेंगे। साथ ही अभ्यर्थियों से कोई अतिरिक्त परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। एजेंसी ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल NTA के आधिकारिक माध्यमों पर जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें और सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से बचें।