
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले की तरवां थाना पुलिस और एसओजी टीम को सोमवार देर रात बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने ट्रैक्टर और पिकअप चोरी करने वाले गिरोह के दो शातिर बदमाशों को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा, जिसके जवाब में पुलिस की नियंत्रित फायरिंग में उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर, पिकअप वाहन, तमंचा, कारतूस, छह बोरी अनाज और नकदी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों पर वाराणसी, गाजीपुर, देवरिया, प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर के दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। जिले के तरवां थाना क्षेत्र के मौलानीपुर गांव निवासी पूनम गिरी ने 2 मई 2026 को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि 1 मई की रात उनके घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। इस मामले में थाना तरवां में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी की 12 मई की रात थाना तरवां पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध वाहन और अपराधियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि चोरी का ट्रैक्टर और पिकअप लेकर कुछ बदमाश कंचनपुर-बोगरिया मार्ग से आने वाले हैं और उनके पास अवैध हथियार भी हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने बांसगांव तिराहे पर घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद एक पिकअप और ट्रैक्टर आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर पिकअप चालक भागने लगा, लेकिन उसे मौके पर पकड़ लिया गया। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगा। पुलिस ने आत्मसमर्पण की चेतावनी दी, लेकिन बदमाश नहीं माना। इसके बाद आत्मरक्षा में की गई फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान विनोद उर्फ सिंटू पुत्र महेंद्र निवासी मीरपुर थाना बहरियाबाद जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके पास से एक 315 बोर तमंचा, खोखा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। दूसरे आरोपी की पहचान अमित कुमार उर्फ धासू पुत्र वंशराम निवासी बारोडीह थाना भुड़कुड़ा जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से चोरी की पिकअप, छह बोरी अनाज और 4500 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका एक संगठित गैंग है, जो अलग-अलग जिलों में वाहन और सामान चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी के सामान को बेचकर पैसे आपस में बांट लेते थे। पुलिस के अनुसार विनोद उर्फ सिंटू पर वाराणसी, मऊ, गाजीपुर, देवरिया और प्रयागराज समेत कई जिलों में चोरी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के कुल 13 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अमित कुमार उर्फ धासू पर आजमगढ़ जिले में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम को मिली सफलता वहीं इस कार्रवाई में थाना तरवां पुलिस के साथ एसओजी टीम भी शामिल रही। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
