
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जनपद में सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण को लेकर यातायात पुलिस और परिवहन विभाग ने मंगलवार को संयुक्त अभियान चलाकर मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 11 वाहनों का चालान किया गया, जबकि 5 वाहनों को सीज कर दिया गया। साथ ही प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन बेचने वाले दो दुकानदारों को नोटिस जारी कर चेतावनी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में यातायात पुलिस एवं संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) की संयुक्त टीम ने बागेश्वर चौराहा और भवरनाथ चौराहे पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान उन दोपहिया वाहनों की सघन जांच की गई, जिनमें मानक के विपरीत मॉडिफाइड साइलेंसर लगाए गए थे और जिनसे तेज आवाज या पटाखे जैसी ध्वनि निकल रही थी।
संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 11 वाहनों का चालान कर कुल 10 हजार रुपये का शमन शुल्क अधिरोपित किया। वहीं नियमों का गंभीर उल्लंघन पाए जाने पर 5 वाहनों को सीज कर दिया गया। इसके अलावा अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर और सायरन की बिक्री करने वाले दो दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की सामग्री की बिक्री करते पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यातायात नियमों का पालन करें और केवल मानक अनुरूप वाहन उपकरणों का ही उपयोग करें, ताकि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक शांति व्यवस्था बनी रहे।
