रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। शहर कोतवाली क्षेत्र की एक युवती ने बजरंग दल के एक कार्यकर्ता पर शादी का झांसा देकर तीन वर्षों तक शारीरिक शोषण करने, अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने तथा जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता, जो सुलेमपुर हीरापट्टी की निवासी बताई जा रही है, ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया कि दलसिंगार मोहल्ला निवासी आदित्य सोनी पिछले करीब तीन वर्षों से शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाता रहा। युवती का कहना है कि जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी पहले साथ रहने की बात कहता रहा, लेकिन बाद में शादी से साफ इनकार कर दिया।

युवती ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और अश्लील फोटो एवं वीडियो वायरल करने की धमकी दी। पीड़िता के अनुसार आरोपी उसकी कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल भी कर चुका है। साथ ही अधिक दबाव बनाने पर जान से मरवाने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता का कहना है कि उसने पहले स्थानीय थाने में शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद 14 मई को उसने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर शिकायत प्रकोष्ठ में प्रार्थना पत्र दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत प्रकोष्ठ ने क्षेत्राधिकारी और प्रभारी निरीक्षक शहर कोतवाली को जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

शहर कोतवाल यादवेंद्र पाण्डेय ने बताया कि आरोपी आदित्य सोनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।