आजमगढ़। सोशल मीडिया पर खतरनाक तरीके से रील बनाकर वायरल करने वाले एक युवक को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। युवक ने अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए वीडियो बनाया था और उसे इंस्टाग्राम पर अपलोड किया था। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस के अनुसार थाना कोतवाली में उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार मिश्रा, चौकी प्रभारी सिविल लाइन की तहरीर पर मु0अ0सं0 235/2026 धारा 285, 287, 288 बीएनएस एवं 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मीडिया सेल को प्राप्त वीडियो में इंस्टाग्राम आईडी serveshsonkar से एक बुलेट मोटरसाइकिल संख्या UP50DC3535 के चारों तरफ पेट्रोल डालकर आग लगाते हुए रील बनाई गई थी।

बताया गया कि इस लापरवाहीपूर्ण कृत्य से आसपास अफरा-तफरी का माहौल बन गया तथा सड़क भी क्षतिग्रस्त हुई। पुलिस ने इसे सार्वजनिक सुरक्षा के लिए खतरा मानते हुए कार्रवाई शुरू की।

इसी क्रम में शनिवार को उपनिरीक्षक सूर्यपाल एवं पुलिस टीम ने आरोपी सर्वेश सोनकर पुत्र स्वर्गीय प्रकाश सोनकर निवासी डीएवी कांशीराम आवास, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़, उम्र लगभग 24 वर्ष को थाना परिसर से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।