
आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के गिड़ऊर गांव निवासी एक मूक-बधिर युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो जाने से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। काफी खोजबीन के बाद भी युवक का कोई सुराग नहीं मिलने पर पत्नी ने बरदह थाने में तहरीर देकर पुलिस से पति की तलाश कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गिड़ऊर गांव निवासी अंकित दुबे पुत्र शिवगोविंद दुबे, उम्र लगभग 30 वर्ष, बचपन से ही मूक-बधिर हैं। परिजनों के मुताबिक वह बीते 10 मई की सुबह करीब छह बजे बिना किसी को बताए घर से कहीं चले गए। देर शाम तक वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिवार के लोगों ने रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में भी तलाश की, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। युवक के एक सप्ताह से अधिक समय से लापता रहने के कारण परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों के अनुसार लापता युवक की लंबाई करीब 5 फीट 4 इंच है। रंग सांवला, चेहरा लंबा है। घर से निकलते समय उसने काले रंग की टी-शर्ट और काले रंग की पैंट पहन रखी थी।
पत्नी निधि दुबे ने बरदह थाने में लिखित प्रार्थना पत्र देकर पति की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द खोजबीन कराने की मांग की है।
इस संबंध में थाना अध्यक्ष राजीव कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हो गई है और पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है। युवक के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर परिजनों को तुरंत सूचित किया जाएगा।
