रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के थाना कंधरापुर क्षेत्रान्तर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। माइलस्टोन 238 के पास हुए इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही थाना कंधरापुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

बताया जा रहा है कि हादसा पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार वाहनों के बीच टक्कर के चलते हुआ। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि मौके पर ही पांच लोगों की जान चली गई। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान कराने और परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया जारी है।

घटना की जानकारी मिलते ही एसपी ट्रैफिक भी मौके पर पहुंचे और राहत कार्य का जायजा लिया। पुलिस टीम ने घायलों एवं मृतकों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया। साथ ही एक्सप्रेस-वे पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने का कार्य भी किया गया। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।