रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोसाई की बाजार पुलिस चौकी परिसर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी एक युवक को चप्पलों से मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस द्वारा पकड़ा गया युवक किसी घटना के सिलसिले में हिरासत में लिया गया था। बताया जा रहा है कि पुलिस उससे उसके अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान युवक के साथ कथित तौर पर चप्पल से एक पुलिसकर्मी मरते दिख रहा है। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में युवक पुलिस चौकी परिसर में बैठा नजर आ रहा है, जबकि कुछ पुलिसकर्मी उसके साथ सख्ती करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स में नाराजगी देखी जा रही है। लोग मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पूरे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए आजमगढ़ के एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो संज्ञान में आया है। प्रथम दृष्टया वीडियो गंभीरपुर थाना क्षेत्र के गोसाई की बाजार पुलिस चौकी का प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच कराई जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल पुलिस विभाग वीडियो की सत्यता, घटना की परिस्थितियों तथा संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका की जांच में जुट गया है। अब सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई है।