रिपोर्ट___आशीष कुमार निषाद

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना क्षेत्र के गोहरपुर गांव में बुधवार सुबह खेत की सिंचाई करने गए एक किसान की विद्युत करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार गोहरपुर गांव निवासी अनिल सिंह (45) पुत्र स्वर्गीय रविंद्र सिंह बुधवार सुबह करीब छह बजे खेत की सिंचाई करने के लिए घर से निकले थे। काफी देर तक वापस घर नहीं लौटने पर परिजन उनकी तलाश करते हुए खेत पर पहुंचे। वहां अनिल सिंह खेत में मृत अवस्था में पड़े मिले। परिजनों के मुताबिक सिंचाई के दौरान वह विद्युत करंट की चपेट में आ गए, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतक की पत्नी मधु सिंह का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक अपने पीछे एक पुत्र अमन सिंह (24) और एक पुत्री मुस्कान (21) को छोड़ गए हैं। मृतक के पुत्र अमन सिंह ने बताया कि उनके पिता खेती-किसानी का कार्य करते थे और बुधवार सुबह खेत की सिंचाई करने गए थे। काफी देर तक वापस नहीं आने पर परिवार के लोग खेत पहुंचे, जहां वह करंट की चपेट में आने से मृत मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है। वहीं वरिष्ठ भाजपा नेता रमाकांत मिश्रा ने घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अनिल सिंह भाजपा के पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ता थे। उन्होंने अपना पूरा जीवन पार्टी की सेवा और विचारधारा को आगे बढ़ाने में समर्पित कर दिया। उनका निधन संगठन के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि इस दुखद घड़ी में पूरी पार्टी शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। साथ ही दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।