रिपोर्ट____आशीष कुमार निषाद 

आजमगढ़। अतरौलिया यात्रियों की सुविधा और बसों के सुचारु संचालन के लिए बनाया गया स्थानीय रोडवेज परिसर इन दिनों अतिक्रमण और अव्यवस्था का शिकार बना हुआ है। हालत यह है कि परिसर में बसों की तुलना में मोटरसाइकिलों और ऑटो की संख्या अधिक दिखाई देती है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मिली जानकारी के अनुसार रोडवेज परिसर में प्रतिदिन करीब 100 से 150 मोटरसाइकिलें खड़ी की जा रही हैं। सुबह होते ही लोग अपनी बाइक परिसर में खड़ी कर अन्य कार्यों के लिए चले जाते हैं और देर शाम वापस लौटते हैं। इसके चलते परिसर का बड़ा हिस्सा दोपहिया वाहनों से घिरा रहता है। स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि कई बार बसों को परिसर के अंदर जगह नहीं मिलती और उन्हें सड़क किनारे ही रुकना पड़ता है। इससे यात्रियों को चढ़ने-उतरने में भी दिक्कत होती है। परिसर के बाहर भी अतिक्रमण की स्थिति गंभीर बनी हुई है। सड़क किनारे ठेले, ऑटो रिक्शा और अन्य वाहनों का कब्जा रहने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यात्रियों का कहना है कि परिसर में फैली गंदगी और अव्यवस्था के कारण लोग वहां रुकना तक पसंद नहीं करते। सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। परिसर में सफाई के नाम पर खर्च तो किया जा रहा है, लेकिन उसका असर जमीन पर दिखाई नहीं देता। जगह-जगह गंदगी फैली हुई है और परिसर बदहाल नजर आता है। रोडवेज परिसर में तैनात गार्ड वशिष्ठ तिवारी ने बताया कि यहां तीन गार्ड और एक सफाई कर्मचारी की तैनाती है। सफाई का कार्य नियमित रूप से कराया जाता है तथा लोगों को परिसर में मोटरसाइकिल खड़ी करने से रोका भी जाता है, लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं होते। उन्होंने बताया कि कुछ वाहन कर्मचारियों के भी होते हैं, जबकि अधिकतर बाइक बाहरी लोगों की होती हैं। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से रोडवेज परिसर को अतिक्रमण मुक्त कराने, नियमित निगरानी बढ़ाने और यात्रियों के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।