
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। रानी की सराय थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 22.684 किलोग्राम गांजा के साथ दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल फोन और एक स्विफ्ट कार भी बरामद की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों एवं संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी नगर एवं थानाध्यक्ष रानी की सराय के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर खास से सूचना मिली कि दो युवक ग्राम कोटिला कट स्थित करीम होटल के पास अवैध गांजा लेकर खड़े हैं।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक सुशील कुमार और उपनिरीक्षक सूरज तिवारी मय हमराह मौके पर पहुंचे और मंगलवार सुबह करीब 9:05 बजे दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान ऋषभ यादव (21) पुत्र आलोक कुमार निवासी अमोला बुजुर्ग थाना कटका जनपद अंबेडकर नगर तथा संदीप यादव (19) पुत्र बांके निवासी नूरपुर कला थाना कटका जनपद अंबेडकर नगर के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों की तलाशी के दौरान 22.684 किलोग्राम अवैध गांजा, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये आंकी गई है, 500 रुपये नगद, दो मोबाइल फोन तथा स्विफ्ट कार संख्या JH01AX7700 बरामद की। बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर थाना रानी की सराय में मु0अ0सं0 122/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया है। इस कार्रवाई में थाना रानी की सराय पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही।
