रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव में रविवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक से जा रहे दो युवकों पर अज्ञात बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। गंभीर हालत में दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। मृतक की पहचान सुशील के रूप में हुई है, जो कोढ़वा गांव थाना जहानागंज का निवासी बताया जा रहा है। वहीं घायल युवक पिंटू यादव है। बताया जा रहा है कि पिंटू को गोली छूते हुए निकल गई, जिससे वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद पूरे गांव समेत आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार इस घटना के पीछे प्रॉपर्टी विवाद का विवाद होना बताया जा रहा है। वहीं घर वालों का कहना है कि मृतक पक्ष को पहले भी धमकियां मिल चुकी थीं और इस संबंध में पुलिस को सूचना भी दी गई थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार देर रात मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ कर घटना की जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार हमलावरों ने बाइक सवार युवकों को निशाना बनाकर कई राउंड फायरिंग की और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं इस पूरे मामले में SP डॉ अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई है