
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीपुर गांव में बुधवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर उस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस घटना में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार कोढ़वा थाना जहानागंज निवासी 24 वर्षीय सुशील कुमार पुत्र संतराज राम अपने मित्र उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव निवासी रानीपुर थाना मुबारकपुर के साथ बुधवार रात करीब 12 बजे एक भंडारे में शामिल होने जा रहा था। दोनों कार से रानीपुर गांव पहुंच रहे थे, तभी रास्ते में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक कर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। वहीं गोली लगने से दोनों युवक घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुशील कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं उमाशंकर उर्फ पिंटू यादव का इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि घायल पिंटू यादव पूर्व में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव भी लड़ चुका है।
वहीं घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। मामले के खुलासे के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
सूत्रों के अनुसार मृतक सुशील कुमार प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। चर्चा है कि पुराने साथियों से विवाद और कामकाज में बदलाव को लेकर रंजिश चल रही थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है।
