
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले सक्रिय अंतरजनपदीय चोर गिरोह पर थाना निजामाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंग लीडर समेत चार आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों पर आजमगढ़ सहित कई जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार संगठित चोर गिरोह के खिलाफ प्रभारी निरीक्षक निजामाबाद की रिपोर्ट पर जिलाधिकारी द्वारा गैंगचार्ट अनुमोदित किया गया था। इसके बाद थाना निजामाबाद में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित आरोपी भदुली पुल सिवली के पास मौजूद हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने चारों को पकड़ लिया। रोहित चौहान पुत्र रमेश चौहान निवासी बलरामपुर थाना कोतवाली आजमगढ़, राहुल चौहान पुत्र दयाराम चौहान निवासी बलरामपुर थाना कोतवाली आजमगढ़,अभिषेक चौहान पुत्र विरेन्द्र चौहान निवासी बलरामपुर थाना कोतवाली आजमगढ़ संदीप कुमार पुत्र दीपचन्द्र निवासी सिकरौरा थाना कोतवाली आजमगढ़ का नाम शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक गिरोह का सरगना रोहित चौहान शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ आजमगढ़, मऊ और अंबेडकरनगर समेत विभिन्न जनपदों में चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं। अन्य आरोपियों पर भी कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं।
थाना निजामाबाद में मु0अ0सं0 127/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम 1986 की धारा 2(ख)(1)/3(1) में मुकदमा दर्ज कर चारों आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
