रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के बरदह थाना क्षेत्र के सरायमोहन गांव में पोखरे में डाली गई मछलियों की सुरक्षा को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। CCTV कैमरा तोड़ने से रोकने पर दबंगों ने युवकों पर रॉड से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में पुलिस ने SC/ST एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, 19 मई 2026 को उमेश सरोज पुत्र स्वर्गीय फिरतू सरोज निवासी सरायमोहन ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के मणिक बरनवाल के पोखरे में डाली गई मछलियों की सुरक्षा के लिए लगाए गए CCTV कैमरे को कुछ लोग तोड़फोड़ कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपितों ने एक राय होकर उमेश सरोज और उसके भाइयों पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया।पीड़ित ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पोखरे में डाली गई मछली, जाल, ट्यूबवेल पाइप समेत अन्य सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और करीब दो लाख रुपये का नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी। वहीं इस मामले में बरदह थाना पुलिस ने मु0अ0सं0 174/26 के तहत धारा 3(5), 115(2), 352, 351(3), 110, 324(4) बीएनएस तथा SC/ST एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के मुताबिक 21 मई को उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरायमोहन गांव में दबिश दी। सूचना मिली थी कि आरोपी दोबारा एकत्र होकर गंभीर घटना की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने मौके से 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में संजू, दिवाकर, शनि, मोहन, प्रदुम्न, लाल बहादुर, मेवालाल, भोला, सोनू और रामप्रीत शामिल हैं। सभी आरोपी सरायमोहन गांव के निवासी बताए गए हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद पटेल के साथ कांस्टेबल पंकज यादव, सुनील कुमार सरोज, रामचंदर, अभिषेक गुप्ता, सोनू यादव, शुभम कुमार मौर्या तथा महिला आरक्षी ऋषिता गुप्ता शामिल रहीं।