रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। मऊ जिले के घोसी थाना क्षेत्र की एक रेप पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान आगे आए हैं। गुरुवार को शेखपुरा गांव स्थित अपने आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने मऊ पुलिस प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। पीड़िता ने मामले को लेकर पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आजमगढ़ को प्रार्थना पत्र देकर गांव के ही अमित कुमार चौहान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि वर्ष 2022 में आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया था, जिसके संबंध में थाना घोसी में मुकदमा दर्ज हुआ था और आरोपी जेल भी गया था। पीड़िता के अनुसार, जमानत पर छूटने के बाद आरोपी लगातार मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा है। आरोप है कि 3 फरवरी 2023 को आरोपी ने उसके साथ मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी, लेकिन शिकायत के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। वहीं पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि 25 अप्रैल 2026 की रात आरोपी शराब के नशे में उसके घर पहुंचा और सीमेंट का दरवाजा तोड़कर घर में घुस गया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी भाग निकला। घटना की सूचना डायल 112 और थाना घोसी पुलिस को दी गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पूरे मामले में पीड़िता का कहना है कि उसने क्षेत्राधिकारी घोसी और पुलिस अधीक्षक मऊ को भी कई बार लिखित शिकायत दी, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई। पीड़िता ने स्थानीय पुलिस पर आरोपी के प्रभाव में काम करने और मामले को दबाने का आरोप लगाया है। वहीं डीआईजी को दिए गए प्रार्थना पत्र में पीड़िता ने मांग की है कि मामले की जांच किसी अन्य क्षेत्राधिकारी से कराई जाए और आरोपी के खिलाफ सुसंगत धाराओं  एफआईआर दर्ज कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इस दौरान भाजपा नेता श्याम सुंदर चौहान ने कहा कि डीआईजी पर हम लोगों पूर्ण विश्वास हैं कि इनके द्वारा मामले में निष्पक्ष जांच की जाएगी । जिससे पीड़िता को न्याय मिलने की उम्मीद जगी है।