रिपोर्ट____SP त्रिपाठी

ब्रेकिंग न्यूज़। आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में बाइक से धक्का लगने के मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। डायल 112 में तैनात एक सिपाही पर युवक के सिर पर ईंट मारकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। घायल युवक का जिला अस्पताल के आईसीयू में इलाज चल रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार घोरठ मोहल्ला निवासी रमाकांत शुक्ल ने सिधारी थाने में दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने बेटे रविकांत शुक्ल के साथ पुराने आरटीओ ऑफिस के सामने स्थित मंदिर के पास से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक से पहुंचे रामबाबू नामक सिपाही, जो थाना बिलरियागंज में डायल 112 पर तैनात बताया गया है, तथा उसके साथ मौजूद एक अन्य व्यक्ति ने उनकी बाइक में धक्का मार दिया। वहीं विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि सिपाही रामबाबू ने फोन कर 5-6 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया, जिन्होंने मिलकर रविकांत शुक्ल के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इसी दौरान रामबाबू ने ईंट से रविकांत के सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा और उल्टी करने लगा। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल डायल 112 और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। गंभीर हालत में घायल रविकांत को सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे आईसीयू में भर्ती कर लिया। वहीं इस पूरे मामले में पीड़ित रमाकांत शुक्ल की तहरीर पर थाना सिधारी पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।