
रिपोर्ट____शिवा सिंह
आजमगढ़। जिले के मार्टिनगंज तहसील में लेखपाल संघ का मानवीय और संवेदनशील चेहरा उस समय सामने आया, जब एक गरीब परिवार की बेटी की शादी में आर्थिक सहयोग कर संघ ने समाज के लिए मिसाल पेश की। शादी से महज पांच दिन पहले लेखपाल संघ ने जरूरतमंद परिवार को ₹27 हजार नगद और ₹3 हजार का घरेलू सामान देकर कुल ₹30 हजार की सहायता प्रदान की। यह सराहनीय पहल तहसील अध्यक्ष गोविंद सोनी के नेतृत्व में की गई। ग्राम सभा महुजा निवासी सविता की बेटी की शादी 18 मई को तय है। आर्थिक तंगी से जूझ रहे इस परिवार पर पहले ही दुखों का पहाड़ टूट चुका है, क्योंकि बेटी के सिर से पिता का साया उठ चुका है। मां सविता मजदूरी कर किसी तरह परिवार का पालन-पोषण कर रही हैं। ऐसे कठिन समय में लेखपाल संघ ने आगे बढ़कर बेटी की शादी में सहयोग किया। सहायता मिलने के बाद सविता भावुक हो उठीं। उन्होंने बताया कि उनकी बड़ी बेटी की शादी में भी लेखपाल संघ ने मदद की थी और अब दूसरी बेटी के विवाह में भी सहयोग देकर परिवार का सहारा बना है।
तहसील अध्यक्ष गोविंद सोनी ने कहा कि समाज में इस तरह के कार्य सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि किसी गरीब और असहाय बेटी के विवाह में छोटा सा सहयोग भी उसके परिवार के लिए बड़ी राहत बन जाता है। ऐसे सामाजिक कार्यों से आत्मिक संतोष मिलता है और समाज में भाईचारे व संवेदनशीलता को बढ़ावा मिलता है। पूरा सहयोग कार्यक्रम पूर्व जिला अध्यक्ष अंजनी तिवारी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान ममता रानी, प्रवीन यादव, सुजीत मौर्य, अविनाश श्रीवास्तव, अजय गुप्ता, गोरखनाथ, सौरभ, रोहित, अभिषेक, चंदन कुमार सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
