रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र अंतर्गत मुबारकपुर ब्लॉक के ग्राम लूहसा से एक भावुक कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच गांव में खराब पड़े इंडिया मार्क-2 हैंडपंप को लेकर छोटे-छोटे बच्चों ने जिलाधिकारी आजमगढ़ से मदद की अपील की है।वायरल वीडियो में करीब पांच साल का एक मासूम बच्चा हाथ जोड़कर डीएम से हैंडपंप ठीक कराने की गुहार लगाता नजर आ रहा है। बच्चे का मासूम अंदाज और गांव में पेयजल संकट की तस्वीर लोगों को भावुक कर रही है। बताया जा रहा है कि हैंडपंप कई दिनों से खराब पड़ा है, जिससे ग्रामीणों खासकर बच्चों और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं गांव में भीषण गर्मी के चलते पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। ऐसे में बच्चों द्वारा खुद आगे आकर प्रशासन से मदद मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग वीडियो शेयर कर प्रशासन से जल्द कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द हैंडपंप की मरम्मत नहीं कराई गई तो गांव में पेयजल संकट और गहरा सकता है। वहीं वायरल वीडियो के बाद अब लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन जल्द संज्ञान लेकर समस्या का समाधान कराएगा।