रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद के सगड़ी तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत सुरदहपार में मतदाता सूची से दर्जनों लोगों के नाम हटाए जाने का मामला सामने आया है। गांव के लोगों ने आरोप लगाया है कि डुप्लीकेट मतदाता सूची के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने से पहले ही करीब 48 मतदाताओं का नाम सूची से डिलीट कर दिया गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। पूर्व प्रधान हरिनरायन के अनुसार ग्राम पंचायत सुरदहपार, पोस्ट हाजीपुर, विकास खंड हरैया में B.L.O. द्वारा आधार कार्ड के अंतिम चार अंकों के आधार पर सत्यापन प्रक्रिया चल रही थी। आरोप है कि B.L.O. द्वारा सूची ब्लॉक स्तर पर जमा किए जाने से पहले ही ब्लॉक या तहसील स्तर के किसी कर्मचारी द्वारा गांव के लगभग 48 लोगों का नाम मतदाता सूची से हटा दिया गय। पूर्व प्रधान ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का उल्लंघन बताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिन लोगों के नाम हटाए गए हैं, वे सभी गांव के स्थायी निवासी और पात्र मतदाता हैं। ऐसे में बिना उचित जांच और प्रक्रिया पूरी किए नाम काटना गंभीर लापरवाही है। पूर्व प्रधान हरिनरायन ने प्रशासन से मांग की है कि सभी डिलीट किए गए मतदाताओं का नाम तत्काल पुनः मतदाता सूची में शामिल कराया जाए तथा मामले में दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोबारा न हों और सभी नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।