
रिपोर्ट____SP त्रिपाठी
आजमगढ़। विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के संस्थापक व बिहार के पूर्व मंत्री मुकेश सहनी ने शुक्रवार को आजमगढ़ में भाजपा और निषाद राजनीति को लेकर बड़ा हमला बोला। शहर के एक होटल में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जनता की अनदेखी कर केवल सत्ता की राजनीति करने का आरोप लगाया। वहीं कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में मुकेश सहनी ने कहा कि वह पिछले 11 वर्षों से यूपी में निषाद आरक्षण की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि इसी लड़ाई की वजह से भाजपा ने बिहार में उनके विधायकों को तोड़ा। उन्होंने कहा कि “संजय निषाद हों या मुकेश सहनी, कोई भी नेता अपने दम पर नहीं बना, बल्कि निषाद समाज के समर्थन से नेता बना है।”
संजय निषाद पर निशाना साधते हुए सहनी ने कहा कि 2021 के बाद वह भाजपा के साथ चले गए और अब भाजपा उनकी “राजनीतिक हत्या” की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में संजय निषाद पूरी तरह राजनीतिक ट्रैक से बाहर हो जाएंगे। मुकेश सहनी ने ऐलान किया कि विकासशील इंसान पार्टी उत्तर प्रदेश में पूरी ताकत के साथ संगठन विस्तार में जुटी हुई है और आगामी विधानसभा चुनाव मजबूती से लड़ा जाएगा। उन्होंने संजय निषाद को “बड़ा भाई” बताते हुए कहा कि उन्हें समाज के हक और अधिकार की लड़ाई लड़नी चाहिए।
उन्होंने घोषणा की कि 25 जुलाई से वीआईपी की 101 दिन की जागरूकता यात्रा शुरू होगी, जिसके जरिए लोगों को आरक्षण और सामाजिक अधिकारों के प्रति जागरूक किया जाएगा। सहनी ने संजय निषाद को खुली चुनौती देते हुए कहा कि “अगर छह महीने के भीतर भाजपा से निषाद आरक्षण नहीं दिला पाए, तो भाजपा छोड़कर इंडिया गठबंधन में आ जाएं, नेतृत्व वही करेंगे।” मुकेश सहनी ने यह भी कहा कि आगामी चुनाव में पार्टी को जितनी भी सीटें मिलेंगी, उनमें 90 प्रतिशत टिकट निषाद समाज के लोगों को दिए जाएंगे। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा का उद्देश्य जनता की भलाई नहीं, केवल सत्ता हासिल करना है।”
कार्यक्रम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजा राम बिंद, पूर्व मंत्री अच्छेलाल निषाद, रमेश केवट, राजेश निषाद, प्रदेश उपाध्यक्ष शैलेश निषाद समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
