रिपोर्ट____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध रिफलिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कन्जरा दिलशादपुर बाजार में संचालित एक अवैध गैस रिफलिंग केंद्र का भंडाफोड़ किया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा की गई छापेमारी में भारी मात्रा में घरेलू गैस सिलेंडर, गैस रिफलिंग उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की गई। मामले में आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आपूर्ति विभाग की टीम ने अजमतगढ़-नदवा सराय मुख्य मार्ग स्थित कन्जरा दिलशादपुर बाजार में छापेमारी की। जांच के दौरान पाया गया कि शिवकुमार पुत्र पतिराम द्वारा बनाए गए कटरे में सुरेन्द्र प्रताप पुत्र लिल्लू निवासी ग्राम छपरा सुल्तानपुर, थाना जीयनपुर अवैध रूप से गैस रिफलिंग का कारोबार संचालित कर रहा था। वहीं छापेमारी के दौरान मौके से घरेलू गैस सिलेंडरों से व्यावसायिक उपयोग के लिए गैस भरने में प्रयुक्त मशीनें, पाइप, इलेक्ट्रॉनिक कांटा सहित कई उपकरण बरामद किए गए। टीम ने मौके पर मौजूद सिलेंडरों और अन्य सामग्री को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। प्रशासन का कहना है कि घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रिफलिंग न केवल सरकारी नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे बड़े हादसे की आशंका भी बनी रहती है। अधिकारियों ने कहा कि जनपद में इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।