रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जनपद में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाए रखने और परिवहन नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के लिए परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के निर्देशन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) अतुल कुमार यादव के नेतृत्व में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान परमिट शर्तों का उल्लंघन कर रही 05 निजी बसों को सीज कर दिया गया। बताया गया कि रोडवेज बस स्टेशन के आसपास संचालित कई निजी बसें निर्धारित मार्ग और परमिट की शर्तों के विपरीत अवैध रूप से सवारियां भर रही थीं। जांच में यह भी पाया गया कि इन बसों की गतिविधियों से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और यात्रियों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो रहा था। वहीं अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए एआरटीओ प्रवर्तन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पांच बसों को सीज कर थाना कोतवाली में निरुद्ध करा दिया। साथ ही संबंधित वाहन स्वामियों और संचालकों के खिलाफ नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एआरटीओ प्रवर्तन अतुल कुमार यादव ने कहा कि परिवहन विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे वाहनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा, जो बिना अनुमति या परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर संचालन कर रहे हैं। उन्होंने वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं परिवहन विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से संचालित वाहनों के संचालकों में हड़कंप मच गया। विभाग का कहना है कि जनहित और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।