
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के रौनापार थाना क्षेत्र के महुला बाजार के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान की मौत हो गई। वह मित्र की बारात से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई कार की टक्कर से सड़क पर गिर पड़े और सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के सरंगुआ मेहरूपार गांव निवासी प्रभात कुमार पटेल (36) रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में आरक्षी पद पर तैनात थे। उनकी वर्तमान तैनाती पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में थी। वह दो दिन पूर्व ही अवकाश पर घर आए थे। मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को उनके गांव के एक मित्र की बारात रौनापार थाना क्षेत्र के बनकटिया गांव गई थी। बारात में शामिल होने के बाद वह रात करीब 10:30 बजे बाइक से घर लौट रहे थे। महुला बाजार के पास सड़क के एक ओर डीजे और दूसरी ओर बारात की गाड़ियां खड़ी थीं। इसी दौरान पीछे से आ रही एक कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। वहीं इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, परिजनों ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना के बाद प्रभात की चेन, अंगूठी और पर्स गायब मिले। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मृतक प्रभात कुमार पटेल अपने पीछे पत्नी और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि गांव में शोक की लहर व्याप्त है।
