रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, सिधारी थाना क्षेत्र के बेलागर गांव निवासी रेखा पत्नी राममिलन ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 27 जून 2026 की सुबह करीब 9 बजे उनका पुत्र अविनाश अपने ननिहाल मित्तूपुर जा रहा था। आरोप है कि चंडेश्वर के पास पहले से घात लगाए बैठे बभनौली गांव निवासी हरिश्चंद्र पुत्र कैलाश, चंदन पुत्र कैलाश तथा उनके साथ 3-4 अन्य लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर उसे रोक लिया। पीड़िता का आरोप है कि सभी आरोपियों ने लाठी-डंडों से अविनाश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। मारपीट में उसके सिर, हाथ, पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण रामवचन और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह युवक की जान बचाई। आरोप है कि हमलावर जाते समय जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि मारपीट के दौरान अविनाश बेहोश हो गया था। पीड़ित परिवार का आरोप है कि आरोपी लगातार उन्हें धमकियां भी दे रहे हैं, जिससे परिवार में दहशत का माहौल है। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों एवं अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है और पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।