
रिपोर्ट_____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के बिलरियागंज थाना क्षेत्र के गुलवा गौरी नहर के पास सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में वैगनार कार सवार छह लोग घायल हो गए। वैगनार और पिकअप वाहन के बीच हुई आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे वैगनार कार आजमगढ़ की ओर से आ रही थी, जबकि पिकअप वाहन मोहम्मदपुर की दिशा से आ रहा था। गुलवा गौरी नहर के समीप दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि वैगनार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग घायल हो गए। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बिलरियागंज थाने के उपनिरीक्षक इसरार अहमद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। इस हादसे में वैगनार चालक अजीत सिंह (37) पुत्र अमरनाथ सिंह निवासी करखिया, थाना रौनापार के अलावा गौरव सिंह (25) पुत्र प्रमोद सिंह, शैलेश सिंह (28) पुत्र अरविंद सिंह, आर्यन सिंह (23) पुत्र राकेश सिंह, गोपाल सिंह पुत्र ओंकार सिंह तथा वीरेंद्र प्रताप सिंह पुत्र स्वर्गीय राजवंत सिंह निवासी करखिया, थाना रौनापार घायल हो गए। वहीं पिकअप वाहन अलाउद्दीन पट्टी निवासी राजू का बताया जा रहा है। राहत की बात यह रही कि पिकअप चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई और वह सुरक्षित बच गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर थाने भेज दिया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और आमने-सामने की भिड़ंत को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है।
