
रिपोर्ट_____अरुण यादव
*दो दिन तक चला सर्च ऑपरेशन, परिजनों में मचा कोहराम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव*
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र अंतर्गत घाघरा नदी में डूबे युवक का शव मंगलवार को लगभग 50 घंटे बाद बरामद कर लिया गया। शव झगरहवा गांव के पास नदी किनारे दिखाई दिया, जिसके बाद एसडीआरएफ (SDRF) टीम ने पुलिस को सूचना दी। युवक का शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज थाना क्षेत्र के आराजी गंगापुर गांव में बीते रविवार को राजन (18) पुत्र संजय नहाते समय घाघरा नदी में डूब गया था। राजन मूल रूप से सबितपुर गांव का निवासी था और अपने ननिहाल आया हुआ था। घटना के बाद से पुलिस, एसडीआरएफ टीम, स्थानीय ग्रामीणों, नाविकों और मछुआरों की मदद से लगातार दो दिनों तक खोज अभियान चलाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। मंगलवार को रौनापार क्षेत्र के झगरहवा गांव के पास नदी किनारे शव दिखाई देने पर एसडीआरएफ टीम ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाया। परिजनों ने शव की पहचान राजन के रूप में की, जिसके बाद पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं युवक की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
