
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। शहर के हरबंशपुर क्षेत्र में देर रात हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल एक पुलिसकर्मी की जान समय रहते अस्पताल पहुंचाए जाने से बच गई। मानवता की मिसाल पेश करते हुए भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने अपने सहयोगियों के साथ घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उपचार शुरू कराया। मिली जानकारी के अनुसार, देर रात शहर भ्रमण के दौरान हरबंशपुर स्थित पहलवान जी की मूर्ति के पीछे सड़क पर एक युवक गंभीर हालत में घायल पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार ने उसकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं घायल की हालत नाजुक देख सूरज प्रकाश श्रीवास्तव ने तत्काल रमा हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. अमित सिंह से संपर्क किया। इसके बाद अपने ड्राइवर चंदन वर्मा और गनर की मदद से घायल को निजी वाहन से रमा हॉस्पिटल, आजमगढ़ पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने तुरंत उसका इलाज शुरू कर दिया। इलाज के दौरान होश आने पर घायल की पहचान आजमगढ़ पुलिस में तैनात एक कॉन्स्टेबल के रूप में हुई। इसकी सूचना तत्काल पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार को दी गई। सूचना मिलते ही एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए थाना सिधारी के प्रभारी निरीक्षक को अस्पताल भेजा। फिलहाल घायल पुलिसकर्मी का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है। परिजनों, पुलिस विभाग और स्थानीय लोगों ने उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। इस घटना के माध्यम से आमजन से भी अपील की गई कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति की मदद करने से पीछे न हटें। समय पर अस्पताल पहुंचाने और प्राथमिक उपचार मिलने से किसी की भी जान बचाई जा सकती है।
