रिपोर्ट_____SP त्रिपाठी

आजमगढ़। जनपद में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार रात तरवां थाना क्षेत्र के परमानपुर बाजार से एक लेखपाल को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लेखपाल पर धारा-24 के तहत भूमि की पैमाइश कराने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ मेहनाजपुर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, तरवां निवासी काश्तकार धर्मेंद्र शर्मा उर्फ बबलू ने एंटी करप्शन थाना, आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि लालगंज तहसील में तैनात लेखपाल संतलाल गौतम भूमि की पैमाइश कराने के लिए 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा है।

शिकायत की पुष्टि के बाद एंटी करप्शन टीम ने जिलाधिकारी को पूरे मामले से अवगत कराया। डीएम की अनुमति मिलने के बाद दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में ट्रैप की योजना बनाई गई। तय रणनीति के तहत शुक्रवार रात करीब आठ बजे शिकायतकर्ता ने लेखपाल को परमानपुर बाजार स्थित एक चाय की दुकान पर रुपये देने के लिए बुलाया।

जैसे ही शिकायतकर्ता ने लेखपाल को 10 हजार रुपये सौंपे, पहले से मौके पर मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 500-500 रुपये के 20 नोट बरामद किए गए।

एंटी करप्शन टीम के प्रभारी निरीक्षक आनंद वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार लेखपाल संतलाल गौतम लालगंज तहसील में तैनात है और उसका कार्यक्षेत्र तरवां हल्का है। आरोपी के खिलाफ मेहनाजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कराने के बाद उसे स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।