
रिपोर्ट____अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के लालपुर गांव में गुरुवार को सर्पदंश से छह वर्षीय बालक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इकलौते बेटे की मौत से मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।
मृतक बालक की पहचान लालपुर गांव निवासी रविंद्र के छह वर्षीय पुत्र अभय कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अभय घर में खेल रहा था। इसी दौरान एक विषैले सर्प ने उसे डस लिया। सर्पदंश के बाद बालक की हालत बिगड़ने लगी। परिजन पहले उसे झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए, इसके बाद अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अभय की मां सुनीता ने बताया कि वह उनका इकलौता पुत्र था। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाया।
सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है।
