रिपोर्ट______अरुण यादव 

आजमगढ़। कोतवाली क्षेत्र में सोनोग्राफी कराने आई एक महिला से नकदी और जेवरात लूटे जाने का मामला सामने आया है। बिलरिया की चुंगी के पास दो अज्ञात युवकों पर महिला से बातचीत करने के बाद हाथापाई कर कानों की बालियां और गले का लॉकेट छीनने का आरोप है। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला गांव निवासी अनीता गौड़ पत्नी क्षेचन्द्र 19 अगस्त को सोनोग्राफी कराने के लिए बिलरिया की चुंगी स्थित एक सेंटर पर गई थीं। शाम करीब 4:45 बजे सोनोग्राफी कराने के बाद वह चाय पीने के लिए तिराहे की ओर जा रही थीं।

बातचीत के बहाने तिराहे तक ले जाने का आरोप

महिला का आरोप है कि रास्ते में दो अज्ञात युवक उनके पास पहुंचे और बातचीत करने लगे। दोनों ने महिला से उसके बच्चों के बारे में जानकारी ली। इसके बाद एक युवक ने उन्हें चाय पीने के लिए साथ चलने को कहा। महिला उसके साथ तिराहे तक पहुंचीं, जहां दूसरा युवक भी मौजूद था।

हाथापाई कर बालियां और लॉकेट छीना

पीड़िता के मुताबिक, तिराहे के पास दोनों युवकों ने उसके साथ हाथापाई की और कानों में पहनी बालियां तथा गले का लॉकेट छीन लिया। शिकायत में लूटे गए जेवरात की कीमत करीब पांच हजार रुपये बताई गई है। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

दो अज्ञात के खिलाफ एफआईआर

पीड़िता की तहरीर के आधार पर कोतवाली थाने में 19 अगस्त 2026 को एफआईआर संख्या 0430 दर्ज की गई है। पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।