रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के अतरौलिया थाना पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर अपराधों में संलिप्त बताए जा रहे एक संगठित आपराधिक गिरोह के कथित गैंगलीडर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित हिस्ट्रीशीटर अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को बुधवार दोपहर ग्राम सेल्हरापट्टी स्थित अंडरपास से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ अतरौलिया थाने में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, मारपीट-धमकी और गैंगस्टर एक्ट समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अतरौलिया थाने का हिस्ट्रीशीटर HS-13B है। उसके खिलाफ वर्ष 2008 में हत्या तथा वर्ष 2025 में हत्या/हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा मारपीट-धमकी और गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है।

गैंग बनाकर अपराध करने का आरोप

पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त को थानाध्यक्ष देवेंद्र नाथ दूबे की तहरीर पर मु0अ0सं0 325/26 के तहत उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 2(b)(i)/3(1) में अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह और संजीव पांडेय उर्फ संजू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस का आरोप है कि दोनों ने संगठित आपराधिक गिरोह बनाकर हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम दिया। इसी मामले में अवधेश नारायण सिंह पुलिस की नजर में वांछित चल रहा था।

मुखबिर की सूचना पर अंडरपास से गिरफ्तारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत वरिष्ठ उपनिरीक्षक पवन कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के सेल्हरापट्टी अंडरपास के आसपास मौजूद होने की सूचना मिली।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर नाउपुर निवासी अवधेश नारायण सिंह उर्फ चुन्नू सिंह को बुधवार दोपहर करीब 1:55 बजे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही गैंग से जुड़े अन्य आरोपियों और उनकी आपराधिक गतिविधियों के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है।