
रिपोर्ट______अरुण यादव
आजमगढ़। मेहनाजपुर थाना पुलिस ने नकल माफिया/सॉल्वर बैठाकर परीक्षा दिलाने के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अभियुक्त ने सरकारी नौकरी हासिल करने के उद्देश्य से अपनी जगह दूसरे व्यक्ति को सॉल्वर बनाकर परीक्षा में बैठाया था।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2025 को गांधी इंटर कॉलेज कूबा, आजमगढ़ में डीएलएल तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा चल रही थी। इस दौरान अनुक्रमांक 7090142259 पर हवलदार यादव के स्थान पर फर्जी परीक्षार्थी मोनू यादव परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। चेकिंग के दौरान फर्जी परीक्षार्थी आधार कार्ड दिखाने से पहले विद्यालय की बाउंड्री फांदकर भागने लगा, जिसे पुलिसकर्मियों और विद्यालय स्टाफ ने पकड़ लिया।
मामले में थाना मेहनाजपुर पर मु0अ0सं0-107/2025 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने अभियुक्त हवलदार यादव की तलाश शुरू की।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में मेहनाजपुर पुलिस ने 25 अगस्त 2026 को पूछताछ के बाद हवलदार यादव पुत्र राजेन्द्र यादव, निवासी ग्राम भेडियाधर, थाना चिरईयाकोट, जनपद मऊ, उम्र करीब 28 वर्ष को सुबह करीब 11:10 बजे पुलिस हिरासत में लिया। अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
दर्ज मुकदमा
पुलिस के मुताबिक अभियुक्त के खिलाफ थाना मेहनाजपुर में धारा 338/336(3)/340(2)/61(2) बीएनएस एवं 3/6/10 उत्तर प्रदेश सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम 1998 के तहत मुकदमा दर्ज है।
