
रिपोर्ट:अरुण यादव
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद के भटवा की मस्जिद बाजार के पास बुधवार रात ट्रैक्टर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बृहस्पतिवार को चचेरे भाई की शादी है। वह शादी की खरीदारी कर घर लौट रहा था। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई।
निजामाबाद के करीमपुर गांव निवासी 28 वर्षीय आशीष सोनकर मेंहदी लगाने का काम करता था। चचेरे भाई की बृहस्पतिवार को शादी है। वह खरीदारी के लिए बाजार गया था। रात आठ बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। अभी वह भटवा की मस्जिद के पास पहुंचा था कि ट्रैक्टर ट्राॅली ने उसे टक्कर मार दी, वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे लेकर शहर के एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। शादी की खुशियों में मातमी सन्नाटा छा गया।