रिपोर्ट_____अरुण यादव

आजमगढ़। जिले के थाना सिधारी पुलिस ने जिला आबकारी कार्यालय में जमा ₹7.60 लाख की प्रतिभूति राशि हड़पने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सावधि जमा रसीदों की छायाप्रति और बैंक कर्मियों से मिलीभगत कर धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिधारी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से संबंधित अभियुक्त भदुली अंडरपास के पास मौजूद है और भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने अभियुक्त संजीत सिंह पुत्र राजेन्द्र सिंह निवासी ग्राम नेवादा थाना कप्तानगंज जनपद आजमगढ़ को गिरफ्तार कर लिया। मामले में प्रभारी आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 सदर प्रभु नारायण सिंह की तहरीर पर थाना सिधारी में मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप है कि अभियुक्तों ने जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय में जमा सावधि जमा खातों में रखी ₹7,60,000 की प्रतिभूति राशि को धोखाधड़ी और कूटरचना के जरिए अपने खाते में ट्रांसफर करा लिया। पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि उसके पिता राजेन्द्र सिंह के नाम से गुलामी का पुरा क्षेत्र में देशी शराब की दुकान का लाइसेंस था, जो फरवरी 2026 में निरस्त हो गया था। इसके बाद उसने अपने पिता के साथ यूनियन बैंक शाखा कटघर जाकर एफडी की द्वितीय प्रति प्रस्तुत कर धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली। सिधारी थाने की पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ धारा 318(4), 319(2), 316(5) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मृत्युंजय सिंह, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार राय एवं कांस्टेबल रणवीर यादव शामिल रहे।